डीएम व सीडीओ ने पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारियों के टीकाकरण अभियान का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ : गोंडा

डीएम व सीडीओ ने पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारियों के टीकाकरण अभियान का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ : गोंडा

विकास कुमार सोनी,संवाददाता



पशुपालन विभाग के द्वारा पशुओं में खुरपका एवं मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारियों से पशुओं को सुरक्षित रखने हेतु विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ आज कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। 

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने हरी झंडी दिखाकर टीकाकरण हेतु टीम व वाहनों को रवाना किया।

यह अभियान जनपद में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खुरपका-मुंहपका रोग अत्यंत संक्रामक होता है, जो दुधारू पशुओं की उत्पादकता पर विपरीत प्रभाव डालता है। टीकाकरण के माध्यम से इन रोगों की रोकथाम की जाती है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि संभव होती है।

जिलाधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुओं को रोगमुक्त करना एवं पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, जिससे कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रह सके।

मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने कहा कि यह अभियान पशुओं के स्वास्थ्य की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं एवं विभाग की टीमों को पूरा सहयोग प्रदान करें।

पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान जिले के सभी विकास खंडों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत समस्त पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पशु मोबाइल बेटनरी यूनिट के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु विभाग ने विशेष रणनीति तैयार की है, जिससे निर्धारित समयसीमा में समस्त पशुओं को टीका लगाया जायेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शशि कुमार शर्मा सहित जनपद के सभी पशु चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post