घर में जमीन पर सो रही एक 35 वर्षीय युवती की सांप के डंसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गौरा बुजुर्ग गांव निवासी खजांची प्रसाद सोनी की पुत्री सपना सोनी के रूप में हुई है : गौराचौकी, गोण्डा

घर में जमीन पर सो रही एक 35 वर्षीय युवती की सांप के डंसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गौरा बुजुर्ग गांव निवासी खजांची प्रसाद सोनी की पुत्री सपना सोनी के रूप में हुई है : गौराचौकी, गोण्डा



गोंडा : खोड़ारे थाना क्षेत्र के गौरा चौकी बाजार (सादुल्लाह नगर रोड) पर घर में जमीन पर सो रही एक 35 वर्षीय युवती की सांप के डंसने से मौत हो गई। मृतका की पहचान गौरा बुजुर्ग गांव निवासी खजांची प्रसाद सोनी की पुत्री सपना सोनी के रूप में हुई है। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीती रात सपना हमेशा की तरह घर के भीतर जमीन पर बिस्तर लगाकर सोई हुई थी। रात के करीब ढाई बजे अचानक उसकी आंख खुली और उसने अपने पिता को बुलाकर होंठ के नीचे तेज चुनचुनाहट और अजीब सी तकलीफ होने की बात कही। बेटी की बात सुनकर जब पिता ने स्थिति को समझने और देखने के लिए लाइट जलाई, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बिस्तर से कुछ ही दूरी पर एक जहरीला सांप रेंग रहा था। पिता की चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी सदस्य भी आनन-फानन में मौके पर दौड़ पड़े। गौर से देखने पर सपना के होंठ के नीचे सांप के काटने के साफ निशान दिखाई दे रहे थे। 

बदहवास परिजन बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनजोत लेकर भागे, जहां डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी से उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सीएचसी अधीक्षक तरुण कुमार मौर्य ने बताया कि जब सांप सिर या उसके आसपास के हिस्सों में काटता है, तो जहर बहुत तेजी से फैलता है और करीब 30 मिनट से एक घंटे के भीतर ही अपना पूरा असर दिखाना शुरू कर देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल लाते ही युवती को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की पूरी आवश्यक डोज दी गई थी, लेकिन जहर सिर के बेहद करीब होने के कारण दिमाग की नसें बहुत जल्दी ब्लॉक होने लगीं और इसी वजह से युवती की जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद से ही मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गौरा चौकी क्षेत्र में शोक की लहर है।

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post