जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष शहरी मॉकड्रिल का हुआ सफल आयोजन : गोण्डा

जिलाधिकारी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष शहरी मॉकड्रिल का हुआ सफल आयोजन : गोण्डा

अग्निकांड, शहरी बाढ़ एवं भवन ढहने जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों का किया गया व्यावहारिक प्रदर्शन



गोण्डा 29 जुलाई,2026

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा "विशेष शहरी मॉकड्रिल" का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। 

मॉकड्रिल का उद्देश्य अग्निकांड, शहरी बाढ़, मकान गिरने तथा अन्य संभावित शहरी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।



इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया गया, जिसमें राहत एवं बचाव दलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।


फायर एवं स्वास्थ्य विभाग ने बचाव कार्यों का किया सजीव प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान फायर विभाग के अधिकारी श्री नितेश शुक्ला ने अग्निकांड की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, आग पर नियंत्रण पाने की तकनीकों तथा सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ और त्वरित सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण कदम है।


मॉकड्रिल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार प्रदान कर उन्हें तत्काल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का सफल प्रदर्शन किया। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे आपदा प्रबंधन व्यवस्था की तत्परता का आकलन किया जा सका।


आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का दिया गया संदेश

मॉकड्रिल में जिला आपदा विशेषज्ञ, सिविल डिफेंस के प्रभारी अधिकारी, कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, आपदा मित्र तथा बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों को आपदा के समय सतर्कता, समयबद्ध कार्रवाई तथा सामूहिक प्रयासों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल का उद्देश्य केवल आपदा से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करना ही नहीं, बल्कि आमजन में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाना भी है। 


इस सफल आयोजन से यह संदेश गया कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशिक्षित एवं समन्वित टीम समय रहते प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कर जन-धन की हानि को न्यूनतम कर सकती है।

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post