पुलिस मुठभेड़ में 3 चोर गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी करते CCTV में हुए थे कैद : गोण्डा
गोंडा : जिले में शनिवार देर रात करीब 9:30 बजे पुलिस और एसओजी टीम की चोरों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने तीन आरोपियों चुनमुन चौहान उर्फ विशाल, शिवकुमार और रोशन लाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान चुनमुन के दाहिने पैर और शिवकुमार के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह मुठभेड़ करनैलगंज, परसपुर और खरगूपुर थाने की पुलिस तथा एसओजी टीम के साथ बालपुर चौकी क्षेत्र के पंडित पुरवा मोड़ के पास हुई। मुठभेड़ के दौरान तीसरे आरोपी रोशन लाल ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, दो मोटरसाइकिल और तीन अवैध तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब पांच दिन पहले चौराहा स्थित दो ज्वेलर्स की दुकानों के शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के दौरान आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे को मोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गई थीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी खरगूपुर और परसपुर थाना क्षेत्रों में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं और पुलिस को उनकी तलाश थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। बहराइच के सीताराम नगर निवासी शिवकुमार के खिलाफ 20 मुकदमे दर्ज हैं। ग्राम मल्लू सिंह निवासी चुनमुन चौहान उर्फ विशाल के खिलाफ 27 मुकदमे, जबकि दीवानपुरवा निवासी रोशन लाल के खिलाफ कुल 46 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करनैलगंज, परसपुर और खरगूपुर थाने की पुलिस के साथ एसओजी टीम को लगाया गया था। शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल दोनों आरोपियों का इलाज कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



