उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 182 उप जिला अधिकारियों (एसडीएम) का तबादला किया, इसी क्रम में गोंडा जिले में तैनात चार एसडीएम का भी स्थानांतरण किया गया है
गोण्डा : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार देर रात 11.30 बजे बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 182 उप जिला अधिकारियों (एसडीएम) का तबादला किया। इसी क्रम में गोंडा जिले में तैनात चार एसडीएम का भी स्थानांतरण किया गया है, जबकि दो नए अधिकारियों को गोंडा भेजा गया है। तबादला सूची के अनुसार, गोंडा में तैनात अतिरिक्त उप जिलाधिकारी विश्वामित्र सिंह को सिद्धार्थनगर भेजा गया है। अधिशासी अभियंता नगर पालिका और अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विशाल कुमार का सोनभद्र स्थानांतरण हुआ है।
एसडीएम कर्नलगंज के पद पर कार्यरत नेहा मिश्रा को आजमगढ़ भेजा गया है, वहीं एसडीएम मनकापुर अवनीश त्रिपाठी को महाराजगंज स्थानांतरित किया गया है। गोंडा जिले में दो नए उप जिलाधिकारी भी आए हैं। इटावा से कुमार सत्यमजीत को गोंडा भेजा गया है, जबकि बरेली से उदित पंवार को गोंडा में तैनाती मिली है।एसडीएम नेहा मिश्रा ने करनैलगंज में अपने कार्यकाल के दौरान कई सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया और भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की।
उन्होंने करनैलगंज तहसील की कार्यशैली में भी महत्वपूर्ण सुधार किए। हालांकि, उनके इन कार्यों को लेकर करनैलगंज तहसील के वकीलों द्वारा लगातार विरोध भी किया जा रहा था। एक बार वकीलों के साथ उनके विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने मनकापुर में रहते हुए सरकारी जमीनों पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने भ्रष्टाचार और जमीन धोखाधड़ी से जुड़े कई मामलों में भी सख्त कदम उठाए। मनकापुर से पहले, अवनीश त्रिपाठी गोंडा सदर एसडीएम के पद पर भी तैनात थे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य किए थे।
विशाल कुमार पहले तरबगंज उप जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। स्थानीय विधायक की शिकायत के बाद उन्हें इस पद से हटाकर गोंडा नगर पालिका का प्रभारी अधिशासी अभियंता बनाया गया था। उन्होंने गोंडा नगर पालिका क्षेत्र में भी कई विकास कार्य किए। एसडीएम विश्वामित्र सिंह को राजस्व वादों के निस्तारण में लगातार लापरवाही मिलने के कारण एसडीएम तरबगंज के पद से हटाकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के रूप में स्थानांतरित कर दिया गया था।

