वन दरोगा बालक राम 6,000 रिश्वत लेते गिरफ्तारः फर्नीचर व्यवसायी से दुकान चलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, थाने में पूछताछ : तरबगंज, गोण्डा

वन दरोगा बालक राम 6,000 रिश्वत लेते गिरफ्तारः फर्नीचर व्यवसायी से दुकान चलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, थाने में पूछताछ : तरबगंज, गोण्डा



गोंडा : जिले में एंटी करप्शन देवीपाटन मंडल की टीम ने आज मंगलवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक वन दरोगा बालक राम को 6000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई तरबगंज तहसील क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय परसदा के सामने की गई है।

वन दरोगा बालक राम को फर्नीचर व्यवसायी राधेश्याम से रिश्वत लेते पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम उन्हें तरबगंज थाने ले गई, जहां उनसे और व्यवसायी राधेश्याम से पूछताछ की जा रही है। वन दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है।

फर्नीचर व्यवसायी राधेश्याम नवाबगंज थाना क्षेत्र के गोपसराय गांव के निवासी हैं और अपने घर से ही फर्नीचर का व्यवसाय चलाते हैं। आरोप है कि वन दरोगा बालक राम लगातार राधेश्याम को धमकी देकर रिश्वत की मांग कर रहे थे।

दरोगा ने राधेश्याम से दुकान चलाने के लिए 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी और ऐसा न करने पर दुकान बंद कराने की धमकी दी थी। राधेश्याम ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला दिया, जिसके बाद रिश्वत की रकम 6,000 रुपये तय हुई। इस उत्पीड़न से परेशान होकर राधेश्याम ने गोंडा एंटी करप्शन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर मंगलवार दोपहर एंटी करप्शन टीम वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय परसदा पहुंची और बालक राम को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गोंडा एंटी करप्शन प्रभारी धनंजय कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वन दरोगा बालक राम को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।

वह एक फर्नीचर व्यवसायी को दुकान चलाने के नाम पर लगातार धमकी देकर रिश्वत मांग रहा था। तरबगंज थाने में बालक राम के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post