संघ लोक सेवा आयोग ( UPSC) सिविल परीक्षा में प्राची सोनी ने 680वीं रैंक हासिल किया: गोण्डा

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल परीक्षा  में प्राची सोनी ने  680वीं रैंक हासिल किया: गोण्डा 

बिहार में उप निर्वाचन अधिकारी पद पर तैनात, 5वीं बार में मिली सफलता




गोंडा: प्राची शेखर सोनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा जारी सिविल सेवा परीक्षा-2023 के परिणाम में 680वीं रैंक हासिल की है। हथियागढ़ निवासी सहायक अध्यापक कृष्ण कुमार और सरोज सोनी की पुत्री प्राची ने अपनी इस सफलता से जिले का नाम रोशन किया है। वह वर्तमान में बिहार प्रशासन में उप निर्वाचन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।प्राची ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गर्ग परफेक्ट कॉलेज, हथियागढ़ से कक्षा 1 से 8 तक पूरी की। उन्होंने 2014 में डीएवी इंटर कॉलेज, आईटीआई मनकापुर से हाई स्कूल और 2016 में यहीं से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद, उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के लखनलाल शरण सिंह महाविद्यालय, विश्नोहरपुर से बीएससी की पढ़ाई की।यह प्राची शेखर सोनी का पांचवां UPSC प्रयास था। इससे पहले, वह तीन बार प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण नहीं कर पाई थीं। चौथे प्रयास में उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण की और इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया था। इस बार, अपने पांचवें प्रयास और दूसरे इंटरव्यू में उन्हें ऑल इंडिया 680वीं रैंक के साथ सफलता मिली है। प्राची के बड़े भाई कीर्ति शेखर सोनी एमबीबीएस डॉक्टर हैं। उनकी छोटी बहन प्रज्ञा शेखर सोनी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि सबसे छोटी बहन अपूर्व शेखर सोनी इंटरमीडिएट की छात्रा हैं। उनके माता-पिता दोनों सहायक अध्यापक हैं।अपनी सफलता पर प्राची शेखर सोनी ने कहा, "मुझे हमेशा अपने माता-पिता का सहयोग मिला है। मैंने तीन बार परीक्षा दी, लेकिन इंटरव्यू तक नहीं पहुंच पाई। चौथी बार इंटरव्यू तक पहुंची, पर सफलता नहीं मिली। यह मेरा पांचवां प्रयास और दूसरा इंटरव्यू था, जिसमें मुझे 680वीं रैंक मिली है। मैं बिहार सरकार में उप निर्वाचन अधिकारी के पद पर तैनात हूं और आगे भी इसी तरह माता-पिता का नाम रोशन करती रहूंगी।"

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post