‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, ₹1500 लेकर दे रहा था दूसरे छात्र की परीक्षा : गोण्डा
गोण्डा ( बभनान) 18 फरवरी 2026 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के पहले ही दिन नकल माफिया पर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दी। गोंडा जिले में एक युवक को दूसरे परीक्षार्थी की जगह हिंदी का पेपर देते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। शासन के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
यह घटना मनकापुर तहसील स्थित जनता इंटर कॉलेज बभनान में हुई। परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट और आंतरिक सचल दल प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने कक्ष संख्या 26 की औचक जांच की। जांच के दौरान पता चला कि हाईस्कूल के छात्र सुधीर कुमार की जगह मनीष कुमार नाम का युवक ₹1500 लेकर परीक्षा दे रहा था।
तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष कुमार पुत्र जगलाल, निवासी चटकानवा थाना खोड़ारे को पुलिस के हवाले कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैसे लेकर दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने आया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने पूरे मामले की रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी है। घटना के बाद परीक्षा केंद्र पर आगामी परीक्षाओं के लिए विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल या प्रतिरूपण के किसी भी प्रयास पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।
