आईओडब्ल्यू कार्यालय के सामने नाले से युवक का शव बरामदनगर कोतवाली क्षेत्र में सनसनी, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी : गोण्डा
गोण्डा (9/02/2026) : जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में आईओडब्ल्यू कार्यालय के सामने बने नाले से एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नाले में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचनामा पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
■ अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) प्रदीप कुमार, सीओ सिटी आनंद राय और नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की छानबीन शुरू कर दी है।
■ मृतक की पहचान अब तक नहीं
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान की कोशिश की जा रही है।
■ पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

