पृथ्वी दिवस पर सेंट जेवियर्स स्कूल के बच्चों ने किया पौधरोपण, स्वच्छ और सुंदर पृथ्वी का लिया संकल्प : गोण्डा
गोण्डा : पृथ्वी दिवस के अवसर पर सेंट जेवियर्स स्कूल, मालवीय नगर, गोण्डा में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने हाथों से विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।
इस अवसर पर बच्चों ने पृथ्वी को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य जीन आनंदन ने बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आज के समय में बढ़ता प्रदूषण हमारी पृथ्वी के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि वायु, जल और भूमि प्रदूषण से न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि मानव जीवन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे, प्लास्टिक का उपयोग कम करना होगा और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा।
उक्त कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर सूजन दत्ता भी मौजूद रहीं। उन्होंने बच्चों के साथ पौधरोपण किया और उन्हें ‘ग्रीन वॉरियर्स’ के बारे में बताया। डायरेक्टर ने कहा कि जो बच्चे पेड़ लगाकर और पर्यावरण की रक्षा कर पृथ्वी को हरा-भरा बनाते हैं, वही असली ग्रीन वॉरियर्स हैं। उन्होंने सभी बच्चों को ग्रीन वॉरियर बनकर पृथ्वी को बचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने-अपने घरों के आसपास भी पौधरोपण करने का वादा किया। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
उक्त कार्यक्रम में प्रशांत सिंह, गौरव उपाध्याय, वात्सल्य सिंह, दर्पण कालिया, राजन मिश्रा आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे।
