समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री स्व० पंडित सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में सांसद बृजभूषण सिंह बरी,स्व० मुलायम सिंह ने बचाई थी पंडित सिंह की जान : गोण्डा

समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री स्व० पंडित सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में सांसद बृजभूषण सिंह बरी, स्व० मुलायम सिंह ने बचाई थी पंडित सिंह की जान : गोण्डा

गोंडा (उ०प्र०) : प्रदेश के पूर्व मंत्री व समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय पंडित सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी बनाए गए कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह 29 साल बाद सोमवार को बरी हो गए। एफटीसी नवीन जस्टिस जितेंद्र गुप्ता की अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए सांसद समेत दो अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। दोषमुक्त होने के बाद मीडिया से मुखातिब सांसद ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और यह न्याय की जीत है। 

प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे स्वर्गीय विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह पर 24 दिसंबर 1993 को नवाबगंज थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर जानलेवा हमला किया गया था। मारुति कार पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करते हुए उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर घायल कर दिया था और मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गए थे। इस मामले में पूर्व मंत्री स्वर्गीय पंडित सिंह के चाचा योगेंद्र सिंह ने नवाबगंज थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पूर्व मंत्री पर हुए प्राणघातक हमले में पुलिस की जांच के दौरान बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह निवासी विश्नोहरपुर थाना नवाबगंज, देवरिया जिले के मइल थाना क्षेत्र के कुंडली गांव के रहने वाले ज्ञान सिंह, गोरखपुर के उरुवा बाजार थाना क्षेत्र के पहलवापुर प्रतापीपुर के रहने वाले दीपनरायन यादव उर्फ पहलवान व देवदत्त सिंह का नाम सामने आया था। विवेचना के बाद पुलिस ने सांसद समेत चारों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की थी।

इस मुकदमे की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी नवीन जितेंद्र गुप्ता की अदालत में चल रही थी। मुकदमें के विचारण के दौरान एक आरोपी देवदत्त सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि सांसद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ सुनवाई हो रही थी। मुकदमे में गवाह रहे लोगों से जिरह बहस के बाद कोर्ट ने फैसले को सुरक्षित कर लिया था। 29 साल बाद इस बहुचर्चित मामले का फैसला सुनाते हुए अपर सत्र न्यायाधीश जितेंद्र गुप्ता ने बीजेपी के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ज्ञान सिंह व दीप नारायण यादव पहलवान को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया।

फैसले के बाद सांसद‌ बृजभूृण शरण सिंह ने कहा कि न्यायपालिका पर उन्हे भरोसा था। सांसद ने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन हार नहीं सकता है। 29 साल मैंने इस आरोप को झेला और आज हम सभी लोग दोषमुक्त हुए। न्यायपालिका की प्रणाली हमारे देश में बहुत मजबूत है और न्यायपालिका निष्पक्ष होकर काम कर रही है।


■ पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने बचाई थी पंडित सिंह         की जान 

गोंडा। वर्ष 1993 में जब पंडित सिंह पर जानलेवा हमला हुआ तो उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। मुलायम सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। जैसे ही उनको पंडित सिंह पर हमले की जानकारी मिली तत्काल उन्होंने हेलीकॉप्टर भेजकर पंडित सिंह को एअरलिफ्ट कराया और लखनऊ ले जाकर भर्ती कराया। तत्काल इलाज मिल जाने के कारण पंडित सिंह की जान बच गई। इसीलिए पंडित सिंह को मुलायम सिंह का बेहद करीबी भी माना जाता था।


पंडित सिंह जीवन पर्यंत मुलायम सिंह यादव के खास सिपाही सलाहकार रहे। इसका इनाम भी वर्ष 2004 में उन्हें मिला जब मुलायम सिंह यादव ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में जगह देते हुए चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री बनाया। वर्ष 2012 में सपा की सरकार बनने पर पंडित सिंह को कैबिनेट में जगह दी गयी और वह प्रदेश के कृषि मंत्री रहे। हालांकि पिछले वर्ष कोरोना के चलते पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह का निधन हो गया था।

Post a Comment

IF YOU HAVE ANY QUERIY REGARDING NEWS CONTACT ME THROUGH MAIL aakashgonda30@gmail.com

Previous Post Next Post