पत्नी ने अपने नाम की ज़मीन बेचने से किया इंकार तो नशेड़ी पति ने हंसिये से की पत्नी की हत्या : वजीरगंज, गोण्डा
● शव को पीएम हेतु भेजकर हत्यारे की तलाश मे जुटी पुलिस
गोंडा : जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गौरिया गांव में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नशेड़ी पति ने जमीन बेचने के विवाद में अपनी पत्नी की हंसिये से हत्या कर दी है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पीएम हेतु भेजा है।
मामला गौरिया गाँव से जुडा है जहाँ के निवासी छोटेलाल पत्नी छोटकी के नाम दर्ज ज़मीन को बेचना चाहता था जो पत्नी को नागवार था। बताते चलें कि दिनांक 29 अगस्त को सुबह दोनों धान की निराई करने खेत गए थे, जहां ज़मीन को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने हंसिये से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बेटी करिश्मा स्कूल से लौटकर मां को ढूँढते हुए खेत पहुंची। जहाँ खून से लथपथ मां का शव देख उसके होश उड़ गए।उसकी चीख-पुकार से गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर एडिशनल एसपी राधेश्याम राय मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि खून से सना हंसिया बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
